बदायूॅं जनमत। गर्भपात के बाद एक विवाहिता की मौत हो गई। विवाहिता के भाई ने आरोप लगाया कि ससुरालवालों ने पहले भ्रूण जांच कराई गई। जब पता चला कि बहन के गर्भ में लड़की है तो गर्भपात करा दिया, जिससे बहन की मौत हो गई। भाई ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया है।
मामला उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव सांवती नगला का है। गांव के राहुल यादव की 25 वर्षीय पत्नी किरन की शुक्रवार शाम करीब छह बजे मौत हो गई। किरन की शादी ढाई साल पहले हुई थी। शादी के बाद किरन ने एक बेटी को जन्म दिया। किरन के भाई सत्यवीर ने बताया कि उनकी बहन फिर गर्भवती हुई तो पति समेत परिवार के लोग भ्रूण की जांच कराने की जिद पर अड़ गए। कासगंज जिले के सोरों कोतवाली क्षेत्र के गांव मानपुर नगरिया के एक निजी क्लीनिक पर अल्ट्रासाउंड कराया गया तो लड़की का भ्रूण बताया गया। आरोप है कि भ्रूण का पता लगते ही ससुरालियों ने किरन का गर्भपात करा दिया। गर्भपात के दौरान रक्तस्राव अधिक हो जाने से किरन की हालत बिगड़ गई। रक्तस्राव नहीं रुका तो किरन का बरेली में भी इलाज कराया गया। हालत में बिगड़ जाने के बाद उसकी मौत हो गई।
पति बोला- आरोप झूठे, साथ थे परिजन…
इलाज के दौरान विवाहिता किरन की मौत के मामले में उसके पति राहुल ने भी अपना पक्ष रखा। पुलिस को बताया कि गर्भवती किरन को रक्तस्राव हो गया तो वह उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। इसके बाद ही डीएनसी कराई कराई। इसके बाद ही किरन की हालत बिगड़ने पर बेहतर इलाज भी कराया, लेकिन इलाज के दौरान मौत हो गई। इलाज के समय किरन के साथ उसके भाई भी थे।
मृतक विवाहिता का फाइल फोटो : जनमत एक्सप्रेस।

