बदायूं में पुलिसकर्मी पर छात्र से मारपीट का आरोप, भीड़ ने सड़क जाम कर कार्रवाई की मांग की

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। एक पुलिसकर्मी पर एक स्कूली छात्र के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। इसके बाद ग्रामीणों ने बिल्सी-वजीरगंज मार्ग पर जाम लगा दिया। परिजनों ने पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
बिल्सी थाना क्षेत्र के बांस बरौलिया निवासी राजकमल पुत्र ओमप्रकाश ने आरोप लगाया कि उनका बेटा अपनी टायर पंचर की दुकान पर बैठा था। इसी दौरान बिल्सी थाने में तैनात एक पुलिसकर्मी वहां आया और मोटरसाइकिल के पहिए में हवा डालने को कहा। जब छात्र ने हवा डालने से मना किया, तो पुलिसकर्मी ने उसके साथ मारपीट की। मारपीट के बाद छात्र बेहोश हो गया। परिवार के लोग उसे तुरंत बिल्सी के सरकारी अस्पताल ले गए। परिजनों का आरोप है कि पुलिस में शिकायत करने के बाद भी उनकी सुनवाई नहीं हुई।
पुलिस द्वारा सुनवाई न होने से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने बांस बरौलिया में बिल्सी-वजीरगंज रोड पर जाम लगा दिया और हंगामा किया। सूचना मिलने पर बिल्सी सीओ संजीव कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे।
बिल्सी सीओ संजीव कुमार सिंह ने बताया कि बिल्सी थाने का आरक्षी पिता-पुत्र के झगड़े की सूचना पर मौके पर पहुंचा था। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान परिजनों ने पुलिसकर्मी पर अभद्रता का आरोप लगाया है। सीओ ने आश्वासन दिया कि प्रार्थना पत्र मिलने पर मामले की जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *