योगी सरकार का तोहफा; बदायूं के 4521 शहरी पात्र परिवारों के खाते में पहुंची अपने पक्के घर की पहली किस्त

उत्तर प्रदेश

बदायूँ जनमत। शहरी गरीबों को पक्के आवास का सपना साकार करने की दिशा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान लखनऊ से प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत 2 लाख से अधिक लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे पहली किस्त भेजी है। इसी क्रम में जनपद के 21 नगरीय निकायों में चयनित 4521 लाभार्थियों के बैंक खातों में योजना की रूपये एक लाख प्रति लाभार्थी की प्रथम किस्त सफलतापूर्वक हस्तांतरित की गई।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण ऑडीटोरियम में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कर कमलों द्वारा सिंगल क्लिक से धनराशि अतरंण के पश्चात लाभार्थियों के चेहरों पर आज खुशी साफ झलक रही थी। उन्होंने कहा कि योजना एक मकान नहीं, बल्कि गरीब परिवारों के लिए सुरक्षित भविष्य, सम्मान और आत्मनिर्भरता की नींव है। उन्होंने वाराणसी, चित्रकूट, लखीमपुर खीरी, अलीगढ़ व अयोध्या के लाभार्थियों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद स्थापित करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं व अन्य योजनाओं का लाभ लेने के लिए भी प्रेरित किया। लखनऊ के कार्यक्रम के दौरान केन्द्रीय आवासन और शहरी कार्य तथा ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल ने भी अपने सम्बोधन में सरकार की उपलब्धियों को गिनाया‌। प्रदेश सरकार के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने बताया कि जनपद गाजियाबाद विश्व के पचास स्वच्छ शहरों में शामिल हुआ है।
केन्द्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने गरीब व कम आय वर्ग के लोगों को आवास देकर सर पर अपनी छत के गरीबों के सपनों को साकार किया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने 25 करोड़ लोगों को गरीबी की रेखा से ऊपर लाने का कार्य किया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि केन्द्र सरकार की 100 से अधिक व प्रदेश सरकार की 125 से अधिक विभिन्न जनकल्याणकारी व लाभार्थीपरक योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के पात्रों को दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केन्द्र व प्रदेश सरकार जाति, धर्म, वर्ग व वर्ण के आधार पर भेदभाव नहीं करती है और सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास व सबका प्रयास के आधार पर आगे बढ़ते हुए आमजन के कल्याणार्थ कार्य कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *