आठ दिन से लापता युवक का गंगा एक्सप्रेस-वे के नीचे मिला शव, पत्नी और साढू पर हत्या का आरोप

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। मूसाझाग थाना क्षेत्र में सोमवार शाम गंगा एक्सप्रेसवे के नीचे मिले अज्ञात युवक के शव की पहचान दातागंज इलाके के वीरपुर निवासी 27 वर्षीय अवनेश के रूप में हुई है। पहचान होने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक के पिता सत्यपाल ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर शव की शिनाख्त की। उन्होंने बेटे की मौत को संदिग्ध बताते हुए उसकी पत्नी और साढ़ू पर हत्या कर शव फेंकने की आशंका जताई है।
परिजनों के अनुसार, अवनेश करीब दो माह पहले अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ रोजगार की तलाश में हिमाचल प्रदेश गया था। वहां वह अपने साढ़ू के पास रह रहा था। इसी दौरान पत्नी और साढ़ू से किसी बात को लेकर उसका विवाद हो गया था। बताया गया कि विवाद के बाद अवनेश करीब आठ दिन पहले पत्नी और बच्चों को लेकर वापस लौटा और ललबुझिया स्थित साढ़ू के घर पहुंचा। अगले दिन उसकी पत्नी और साढ़ू उसे घर छोड़कर चले गए थे।
परिवार का कहना है कि 19 जून को अवनेश अपनी पत्नी और बच्चों को वापस लाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन उसके बाद वह लौटकर नहीं आया। सोमवार शाम गंगा एक्सप्रेसवे के नीचे उसका शव मिलने की सूचना मिली, जिससे परिवार में मातम छा गया।
प्रभारी निरीक्षक मनोज सिंह ने बताया कि अज्ञात शव की पहचान अवनेश के रूप में हो चुकी है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *