बदायूॅं जनमत। जिला अस्पताल में एक महिला की मौत होने के बाद उनके कानों से सोने के कुंडल नोचकर गायब कर दिए गए। पार्थिव शरीर घर ले जाते वक्त रास्ते में जब इसका पता चला तो खलबली मच गई। इस हरकत को करने में सीसीटीवी के वीडियो फुटेज से आउटसोर्सिंग कंपनी के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी वीरू का चेहरा सामने आया। पहचान के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया, साथ ही उसकी सेवाएं समाप्त कर दी गईं।
दातागंज क्षेत्र के गांव परा निवासी बाबू हसन की पत्नी श्यना बेगम को तबीयत खराब होने पर बुधवार रात आठ बजे जिला अस्पताल लाया गया था। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजन महिला का शव घर ले गए। घर जाते समय रास्ते में हवा के झोंके से श्यना बेगम के शव से कपड़ा हट गया। तब परिजनों को महिला के कुंडल नहीं होने की जानकारी हुई।
परिजन ने शव तो घर पहुंचा दिया, बाद में वे दो गाड़ियों से जिला अस्पताल पहुंचे। वहां उन्होंने महिला के कानों के कुंडल नहीं होने की बात कही। इस पर अस्पताल में चिकित्सकों और परिजनों में नोकझोंक भी हुई। बाद में सीसीटीवी फुटेज देखने पर सहमति बनी। जब उन्हें देखा गया तो अस्पताल परिसर में ही तैनात संविदा कर्मी वीरू महिला के शव से कानों से कुंडल निकालते हुए दिखा।
इस पर उसे तुरंत पकड़ लिया गया। आरोपी ने सीढ़ियों के नीचे से कुंडल निकालकर दिए। अस्पताल प्रशासन ने उसे नौकरी से निकालने के लिए आउटसोर्सिंग कंपनी को निर्देश दिए। कंपनी अफसरों ने उसकी सेवाएं समाप्त करते हुए पत्र जारी कर दिया। वहीं सीओ सिटी रजनीश कुमार उपाध्याय ने बताया कि महिला के बेटे मोहम्मद उमर अंसारी की ओर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया गया है।
क्या बोले सीएमएस…
जिला अस्पताल के सीएमएस अमित वार्ष्णेय ने बताया कि आउटसोर्सिंग पर तैनात एक कर्मचारी ने मृत महिला का एक कुंडल निकल लिया था। यह बात सामने आने पर कर्मचारी के खिलाफ कंपनी को लिखा गया। जिसके बाद कंपनी की ओर से कर्मचारी की सेवा समाप्त कर दी गई है।

