बदायूॅं जनमत। दातागंज कस्बा के वार्ड नंबर 13 के मोहल्ला सड़क निवासी सौरभ गुप्ता पर बरेली निवासी ससुराल पक्ष के लोगों ने उस वक्त जानलेवा हमला कर दिया, जब वह ससुरालियों के साथ पंचायत कर रहे थे। पति-पत्नी के विवाद को सुलझाने के लिए पंचायत बुलाई गई थी। आरोप है कि इस दौरान पिस्टल की बट से ससुरालियों ने सौरभ का सिर फोड़ दिया और उन्हें जान से मारने की धमकी देने के साथ उनके भाई गौरव गुप्ता को भी बेरहमी से पीटा। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। इस प्रकरण में पुलिस ने सौरभ की तहरीर पर ससुराल के आठ लोगों के विरुद्ध जानलेवा हमला सहित कई गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पीड़ित सौरभ गुप्ता ने थाना दातागंज में तहरीर देकर बताया कि उसका विवाह करीब दो साल पहले बरेली की मीरा की पैठ निवासी दीपिका गुप्ता उर्फ सलोनी के साथ हुआ था। रक्षाबंधन पर वह पत्नी को मायके छोड़कर आए थे। आरोप है कि रविवार सुबह पत्नी अपने भाइयों चंदन और अमन के साथ ससुराल घर आई और बिना वजह गाली-गलौज कर झूठे दहेज केस में फंसाने की धमकी देकर एक साल के बच्चे को छोड़कर चली गई।
गाली गलौज से शुरू हुआ था विवाद…
इसी पारिवारिक विवाद को सुलझाने के लिए सोमवार को सीताराम गुप्ता के मकान में पंचायत बुलाई गई। पीड़ित के अनुसार पंचायत में ससुराल पक्ष से सुरेश चंद्र गुप्ता, चंदन गुप्ता, अमन गुप्ता, गोल्डी गुप्ता तथा मध्यस्थ पक्ष से राकेश गुप्ता, केशव गुप्ता, विवेक गुप्ता मौजूद थे। पीड़ित की ओर से उसका भाई गौरव गुप्ता और रिश्तेदार पूरनलाल गुप्ता बैठक में मौजूद थे। आरोप है कि बातचीत के दौरान बरेली निवासी गोल्डी गुप्ता ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसने कमर से पिस्टल निकालकर जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद सभी आरोपियों ने सौरभ और उनके भाई गौरव को घेर लिया और लात-घूंसों से बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। गोल्डी गुप्ता ने पिस्टल की बट से सौरभ के सिर पर वार कर दिया, जिससे सिर फट गया। मारपीट के दौरान गले में पहनी लगभग 15 ग्राम सोने की चेन भी टूटकर गायब हो गई। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे। इसके बाद आरोपी जान से मारने और झूठे केस में फंसाने की धमकी देते हुए गाड़ी से फरार हो गए। दातागंज सीओ अशेष नाथ सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।

