बदायूॅं जनमत। एक युवक को रंजिशन सोशल साइट्स पर षड्यंत्र कर पत्रकार को फंसाने की धमकी देना महंगा पड़ गया। पीड़ित पत्रकार के प्रार्थना पत्र पर स्थानीय पुलिस ने आरोपित युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं पीड़ित पत्रकार ने आरोपित की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। जिससे कि आरोपित द्वारा पत्रकार को झूठा फंसाने की मंशा पर रोक लग सके।
मामला उसावां थाना क्षेत्र का है। उसावां के वार्ड संख्या नौ निवासी पत्रकार सजन गुप्ता पुत्र रामगोपाल गुप्ता ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि नगर के ही सचिन नाम के युवक ने फेसबुक पर उनके खिलाफ झूठी और अभद्र बातें लिखकर उनकी सामाजिक छवि को धूमिल करने का प्रयास किया है। सजन गुप्ता की कस्बे के ही अशोक, सचिन और रोहित पुत्रगण अशोक से रंजिश चली आ रही है। तीनों युवकों पर लूट और मारपीट का मुकदमा भी चल रहा है। आरोप है कि नौ सितंबर को फेसबुक पर सचिन ने सजन गुप्ता के खिलाफ अमर्यादित एवं आपत्तिजनक पोस्ट कर दी। टिप्पणी में व्यक्तिगत चीजों के अलावा सचिन ने कुछ ऐसी चीजें लिखीं जिससे उनकी सामाजिक छवि धूमिल हुई। सजन गुप्ता ने बताया सचिन के खिलाफ लिखे गए मुकदमे में ट्रायल चल रहा है। जिसके चलते सचिन बौखलाया हुआ है। पीड़ित ने कहा कि उल्टी सीधी हरकतें कर आरोपित फैसले का दबाव बनाना चाहता है। परेशान होकर पीड़ित पत्रकार ने प्राथमिकी दर्ज कराई है।
इस संबंध में उसावां प्रभारी निरीक्षक वीरपाल सिंह तोमर ने बताया कि अभियोग पंजीकृत कर लिया है। जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 

