दो शातिर चोर गिरफ्तार; तीन बाइक, ई-रिक्शा और मंदिर की घंटियां हुईं बरामद

अपराध

बदायूॅं जनमत‌। वजीरगंज थाना पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी अभय पाठक और अभिषेक पाठक गांव बेहटा पाठक थाना इस्लामनगर के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों से चोरी की तीन बाइक, एक ई-रिक्शा, एक इंवर्टर, तीन बैट्रे और मंदिर से चुराई गई दर्जनभर घंटियां बरामद की हैं।
वजीरगंज के एसएचओ जितेंद्र कुमार ने बताया कि 12 सितंबर को मोहल्ला खेड़ा निवासी बच्चन मियां ने एक मुकदमा दर्ज कराया था। उन्होंने बताया था कि सैदपुर के जंगल में स्थित उनके फार्म हाउस से इंवर्टर और ट्रैक्टर का बैट्रा चोरी हो गया था। जांच के दौरान दोनों आरोपियों को सैदपुर बिजरीघर के पास से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने कई वारदातों को कबूला है। 9 सितंबर को सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में नवादा के पास से बाइक चोरी की। 10 सितंबर को बरेली के आंवला रेलवे स्टेशन के पास से ई-रिक्शा चुराया। 18 अगस्त को जरीफनगर थाना क्षेत्र के भोयस गांव के पंचायतघर से कम्प्यूटर, सीसीटीवी कैमरा, डीवीआर, प्रिंटर और दो बैट्रे चोरी किए। इसके अलावा मलिक बिचौला गांव के मंदिर से इंवर्टर बैट्रा और घंटियां चुराईं। 4 अगस्त को थाना उघैती के गांव रियोनाई दलाई की ग्राम पंचायत से इन्वर्टर बैटरा और सीसीटीवी चोरी किए। आरोपियों ने दिल्ली में भी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। जिले में इन्होंने दर्जनभर चोरियां की हैं। पुलिस ने आरोपियों का चालान कर उन्हें कोर्ट में पेश किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *