निष्कासित बिजली संविदा कर्मचारियों ने अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर किया विरोध प्रदर्शन

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। बिजली विभाग द्वारा निष्कासित किये गए संविदा कर्मचारियों ने अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन संविदा कर्मचारी संघ के नेतृत्व में जिले के विभिन्न विद्युत उपकेंद्रों से हटाए गए 269 विद्युत संविदा कर्मचारियों को पुनः कार्य पर रखने के लिए विभाग का ध्यान आकृष्ट करने को अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर विरोध सभा का आयोजन किया गया। वहीं ऊर्जा प्रबंधन एवं सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रोष प्रकट किया गया।
प्रदेश उपाध्यक्ष हर्षवर्धन ने कहा कि मध्यांचल ऊर्जा प्रबंधन के आदेश अनुसार स्थानीय विभागीय अधिकारी बिना किसी पूर्व सूचना के कर्मचारियों को कार्य से हटा रहे है। जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऊर्जा प्रबंधन द्वारा हटाए गए सभी कर्मचारियों को पुनः कार्य पर रखें। प्रदेश संगठन मंत्री हरीश चंद्र यादव ने कहा कि अचानक कर्मचारियों को नौकरी से निकालना दुखद बात है। कर्मचारियों की संख्या कम होने से दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ेगी। मध्यांचल उपाध्यक्ष प्रेमपाल प्रजापति ने कहा की पूरे जनपद से 269 कर्मचारियों को हटाया गया है। कर्मचारियों के हटने से उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधा नहीं मिल पाएगी और कर्मचारियों पर कार्य का भार भी बढ़ेगा।
विरोध सभा को जनहित सत्याग्रह मोर्चा के अध्यक्ष प्रेमपाल सिंह, क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन के डॉ.सतीश, जिलाध्यक्ष ठाकुर धीरेंद्र कुमार सिंह, रसोईया संघ के अध्यक्ष मृदुल्लेश यादव ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री और प्रबंध निदेशक के नाम संबोधित ज्ञापन तहसीलदार अमित कुमार को दिया।

विद्युत संविदा कर्मचारियों को संबोधित करते हुए संघ के पदाधिकारी : जनमत एक्सप्रेस।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *