बदायूॅं जनमत। अलापुर थाना क्षेत्र में एमएफ हाईवे पर स्थित गांव नैथू के पास दो बाइक हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। तीन अन्य युवक घायल हुए हैं। मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव थलिया नगला निवासी कुलदीप (22) और सर्वेश जखेली स्थित स्विमिंग पूल में नहाने गए थे। उनके साथ दूसरी बाइक पर पवन (23), आकाश (21) और सचिन (20) भी थे। वापसी के दौरान तेज रफ्तार के कारण कुलदीप और सर्वेश की बाइक अनियंत्रित हो गई। बाइक पहले बिजली के पोल से टकराई और फिर एक मकान के चबूतरे में जा घुसी। वहीं पीछे आ रही पवन, आकाश और सचिन की बाइक भी टकराकर गिर गई।
हादसे के बाद पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने कुलदीप और सर्वेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं पवन, आकाश और सचिन का जगत स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है। उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंचे। अलापुर थाना पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। 


