बदायूॅं जनमत। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के कनुआ खेड़ा गांव में मंगलवार शाम बिजली मीटर चेक करते समय एक 30 वर्षीय मजदूर की करंट लगने से मौत हो गई। जगवीर नामक मजदूर को बिजली का तेज झटका लगा और वह सीढ़ी से गिरकर बेहोश हो गया। परिजन उसे चंदौसी के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों के अनुसार, जगवीर मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे मजदूरी कर घर लौटा था। बिजली के लो वोल्टेज आने कारण वह घर के बाहर लगे मीटर को देखने गया। इसी दौरान उसका हाथ मीटर के पास खुले तार से छू गया। करंट लगने से वह सीढ़ी से गिर गया और अचेत हो गया। अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया। सूचना मिलने पर पीआरवी और थाना फैजगंज बेहटा पुलिस मौके पर पहुंची।
जगवीर अपने तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। वह परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था। उसके परिवार के पास केवल एक बीघा कृषि भूमि है, जिससे गुजारा नहीं हो पाता था। जगवीर अपनी पत्नी गुड़िया और पांच बच्चों (आरती, पूजा, लक्ष्मी, हरशू, लवकुश) को पीछे छोड़ गया है। उसकी मौत से पूरे परिवार के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

