शेखूपुर विधानसभा के दलित और मुसलमानों की कौन करेगा रहनुमाई.? तीसरे मोर्चे की होगी एंट्री

संपादकीय

एस• शाहिद अली !! उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर माहौल गर्म होता जा रहा है। राजनैतिक दलों में जोड़ तोड़ और भागदौड़ का दौर शुरू हो चुका है। यूपी में हाल ही में बने सामाजिक परिवर्तन मोर्चा (असद्दुदीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद का गठबंधन) ने सियासत में नई बहस छेड़ दी है, तो वहीं बागी नेताओं को एक विकल्प देकर इंडिया गठबंधन की मुसीबतें भी बड़ा दीं हैं। जिसके चलते बहुत जल्द लखनऊ में इंडिया गठबंधन की बैठक होने की चर्चा है। जिसमें 2027 की रणभूमि तैयार होगी।
फिलहाल हम बात केवल बदायूं जनपद की 116 शेखूपुर विधानसभा की कर रहे हैं। यहां से समाजवादी पार्टी के विधायक हैं। जब से शेखूपुर विधानसभा का गठन हुआ है तब से यहां दो ही परिवारों के लोग कुर्सी पाते आ रहे हैं। शायद यही कारण है कि यहां सड़कें, बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी अकाल पड़ा हुआ है।
इस बार पूर्व मंत्री आबिद रज़ा ने शेखूपुर विधानसभा में गांव-गांव घूमकर लोगों को उनके अधिकार व मूलभूत सुविधाओं और एक विधायक के कर्तव्यों से अवगत कराया, जिसके बाद शेखूपुर विधानसभा के लोगों खासकर मुसलमानों में काफी हद तक बदलाव देखने को मिल रहा है।

आबिद और आशीष के समझौते से मायूस हैं मुसलमान

पूर्व मंत्री आबिद रज़ा ने इस बार शेखूपुर विधानसभा से ताल ठोंकी थी, जिसके बाद यहां के मुसलमान, दलित और 30 से 40 प्रतिशत यादवों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया था। लोगों को लगने लगा था कि शेखूपुर विधानसभा में जो विकास अभी तक देखने को नहीं मिला शायद अब महसूस होगा। लेकिन, चुनाव से पहले ही आबिद रज़ा और वर्तमान विधायक हिमांशु यादव उनके पिता सपा जिलाध्यक्ष आशीष यादव के बीच समझौता हो गया। वर्षों पुरानी गुटबाजी सपा के वरिष्ठ नेता (चाचा) शिवपाल सिंह यादव के हस्तक्षेप से समाप्त हो गई। इस समझौते के पीछे भले ही राजनैतिक दबाव रहा हो लेकिन शेखूपुर विधानसभा के जाग चुके मुसलमान इससे मायूस दिखाई दे रहे हैं।

बड़ा सवाल- तीसरा मोर्चा बनेगा उम्मीद की किरण.?

शेखूपुर विधानसभा पर हुए समझौते के बाद मासूम लोग एक बेहतर प्रत्याशी के आने की उम्मीद लगाए हुए हैं। यूपी में बने सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के बाद लोगों के बीच उम्मीद की किरण फूटी है। पर बड़ा सवाल यह है कि क्या शेखूपुर विधानसभा पर सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की एंट्री होगी.? अगर हां तो कौन होगा प्रत्याशी.?
अभी तक के सूत्रों की मानें तो शेखूपुर विधानसभा से पूर्व विधायक हाजी मुस्लिम खां और रमज़ानपुर निवासी एक बड़े कारोबारी भी सामाजिक परिवर्तन मोर्चे के उम्मीदवार बन सकते हैं। वहीं लोग क़ाज़ी रिज़वान पर भी आस लगाए हुए हैं। लोग क़ाज़ी रिज़वान को शेखूपुर विधानसभा से सामाजिक परिवर्तन मोर्चे के प्रत्याशी के रूप में देख रहे हैं लेकिन, बता दें कि क़ाज़ी रिज़वान सदर सीट से किस्मत आज़माना चाह रहे हैं।

पूर्व विधायक हाजी मुस्लिम खां और क़ाज़ी रिज़वान का फाइल फोटो : जनमत एक्सप्रेस

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *