बदायूं में रोडवेज बस और छोटा हाथी की भीषण भिड़ंत; केबिन में फंसा चालक, गंभीर रूप से घायल

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। बिनावर थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे बरेली-मथुरा हाईवे पर गांव भाटपुरी के पास रोडवेज बस और छोटा पिकअप वाहन (छोटा हाथी वाहन) की आमने-सामने से भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें फंस गया। हादसे के बाद बस का चालक और परिचालक बस को छोड़कर फरार हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से वाहन में फंसे चालक को निकालने का प्रयास किया। केबिन को संबल और सरिया से उठाया, फिर काटा गया। उसके बाद जेसीबी से केबिन खिंचवाकर चालक को बाहर निकाला। चालक की हालत नाजुक है। उसे एंबुलेंस से बरेली भेजा गया। उसके क्लीनर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के दौरान बस में सवार यात्रियों को भी चोटें आई, लेकिन हादसे के बाद सभी यात्री अन्य वाहनों से अपने गंतव्य स्थानों के लिए रवाना हो गए।
जानकारी के अनुसार छोटी हाथी वाहन बदायूं से बरेली की ओर जा रहा था। जबकि रोडवेज बस बरेली से बदायूं जा रही थी। हादसे में वाहन हरियाणा के यमुनानगर निवासी रनदीप सिंह (32 वर्ष) और क्लीनर हरिपाल घायल हुए हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर काफी देर तक जाम लगा रहा। बड़ी संख्या में भीड़ जुट गई। पुलिस ने लोगों को किसी तरह से सड़क से हटाकर यातायात सामान्य कराया और क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क किनारे साइड कराया।
पुलिस के अनुसार रोडवेज बस पीतल नगरी डिपो की है और बरेली से बदायूं जा रही थी। वाहन बदायूं से बरेली की ओर जा रहा था। हाईवे पर स्थित गांव घटपुरी के पास हादसा हुआ। वाहन चालक के दोनों पैर स्टेयरिंग से नीचे बुरी तरह फंस गए थे। सूचना मिलने पर पहुंची पीआरवी 112 पुलिस और थाना बिनावर पुलिस ने जेसीबी से वाहन का केबिन खिंचवाकर चालक को बाहर निकाला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *