बदायूॅं जनमत। कोतवाली के सामने किन्नरों ने जमकर हंगामा किया। हल्का बंटवारे को लेकर दो गुटों के बीच चल रही रंजिश में एक गुट ने पुलिस पर पक्षपातपूर्ण रवैये का आरोप लगाया। किन्नर कोतवाली के सामने नाचने लगे। पुलिस ट्रैफिक नियंत्रण में लगी रही ताकि किन्नरों को किसी वाहन से चोट न लगे।
उझानी के बहादुरगंज निवासी सना किन्नर का आरोप है कि वह अपने गुरू की संपत्ति व एरिया की वारिस हैं। उनका कहना है कि शनिवार को जाहिद उर्फ शक्को किन्नर, शांति किन्नर समेत कई लोग उनके घर आए। ये लोग जबरन कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे। विरोध करने पर उन्हें धमकाया गया। दूसरे पक्ष ने भी सना किन्नर पर घर का ताला तोड़कर कब्जा करने का आरोप लगाया है। विवाद बढ़ने पर दोनों गुट कोतवाली पहुंच गए। पूर्व में भी दोनों पक्षों में झड़प हो चुकी है। इसलिए पुलिस ने इस बार एहतियात बरतते हुए दोनों पक्षों को एक साथ नहीं बुलाया। उन्हें बारी-बारी से कोतवाली में तलब किया गया।
इससे एक पक्ष नाराज़ हो गया और कोतवाली के बाहर ही प्रदर्शन करने लगा। स्थिति तनावपूर्ण होती देख पुलिस ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया। एक पक्ष को वापस भेज दिया गया, जबकि दूसरे पक्ष से बातचीत जारी है। चार महीने पहले भी इन किन्नर गुटों में टकराव हुआ था। दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट में किन्नर घायल भी हुए थे। उस समय दोनों गुट कोतवाली पहुंचे थे और कोतवाली के भीतर ही हंगामा शुरू कर दिया था। बाद में मामला सुलझ गया था। 


