बागपत में हुए सड़क हादसे में बदायूं के 13 लोगों की मौत, किसी ने भाई तो किसी ने खोए मां-बाप

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। रविवार को यूपी के बागपत में एक सड़क हादसा हुआ, जिसमें बदायूं जिले के करीब 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर जैसे ही उझानी कोतवाली क्षेत्र के अल्लापुर चमारी गांव पहुंची, मानो पूरे गांव की खुशियां एक साथ उजड़ गईं। देखते ही देखते गांव की गलियां चीख-पुकार से भर गईं। किसी ने भाई खोया तो किसी के सिर से माता-पिता का साया उठ गया। सोमवार को गांव के कई घरों से लगातार रोने-चिल्लाने की आवाजें आती रहीं। पूरे गांव में मातम ऐसा था कि कई घरों में चूल्हे तक नहीं जले।
बता दें कि अल्लापुर चमारी गांव की आबादी करीब 1900 है। गांव की करीब 90 प्रतिशत आबादी यादव समाज की है। इनमें अधिकांश परिवार एक ही कुनबे से जुड़े बताए जाते हैं। इसी गांव से करीब 100 लोग तीन पिकअप वाहनों में सवार होकर बागड़ यात्रा पर गए थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि लौटते समय एक पिकअप का पलटना 13 परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लेगा।
हादसे की खबर गांव पहुंचते ही लोग जिस हालत में थे, उसी हालत में बागपत के लिए रवाना हो गए। रात में गांव के कई पशुपालक पशुओं के लिए चारा काट रहे थे। जैसे ही हादसे की सूचना मिली, वे चारा काटने की मशीन में फंसा चारा तक नहीं निकाल सके और काम छोड़कर घटनास्थल के लिए निकल पड़े।

अधिकारी पहुंचे तो गांव में मिला सन्नाटा…

सोमवार शाम एसडीएम समेत प्रशासनिक अधिकारी गांव पहुंचे। गांव की स्थिति देखकर वे भी स्तब्ध रह गए। हादसे की जानकारी मिलने के बाद अधिकांश ग्रामीण बागपत जा चुके थे। गांव की गलियों में सन्नाटा पसरा था। जिन घरों में लोग मौजूद थे, वहां सिर्फ विलाप सुनाई दे रहा था। महिलाओं और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल था। हर तरफ अपनों को खोने का गम दिखाई दे रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *