नितेश राणे की टिप्पणी के विरोध में कांग्रेसियों ने सौंपा ज्ञापन, बर्खास्तगी और माफी की मांग

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। महाराष्ट्र सरकार के मंत्री नितेश राणे द्वारा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ नागपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर की गई अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला उपाध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य सोमेंद्र यादव के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि नितेश राणे ने अपने संबोधन में कथित तौर पर कहा कि ‘पाकिस्तान से तुम्हारे अब्बू भी आ जाएं, तब भी मोदी सरकार नहीं जाएगी’ इसके अलावा उन्होंने कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों के लिए भी आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया और उन्हें “औरंगजेब के पिल्ले” कहा।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि इस प्रकार की अमर्यादित भाषा का प्रयोग न केवल कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष का अपमान है, बल्कि इससे समस्त कांग्रेसजनों की भावनाएं भी आहत हुई हैं। किसी राष्ट्रीय राजनीतिक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उसके पदाधिकारियों के प्रति इस तरह की अशोभनीय टिप्पणी लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विरुद्ध है।
कांग्रेसजनों ने इन टिप्पणियों की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए महामहिम राष्ट्रपति महोदया से मांग की कि महाराष्ट्र सरकार के मंत्री नितेश राणे को तत्काल मंत्रिमंडल से बर्खास्त किया जाए। साथ ही उनके विरुद्ध सुसंगत कानूनी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाए तथा उन्हें देश की जनता और समस्त कांग्रेसजनों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने के लिए बाध्य किया जाए।
जिला महासचिव सुधीर उपाध्याय, ब्लॉक उपाध्यक्ष आसफपुर राजाराम शर्मा, ब्लॉक महासचिव आसफपुर रामवीर सिंह यादव, प्रेमपाल सिंह यादव, पूर्व नगर अध्यक्ष बिसौली अब्दुल गफूर, नगर अध्यक्ष अल्पसंख्यक कांग्रेस बिसौली मुकर्रम अली, न्याय पंचायत अध्यक्ष नगला बारह ठाकुर धर्मेंद्र सिंह, गजेंद्र सिंह, सचिन यादव आदि मौजूद रहे।

ज्ञापन सौंपते हुए कांग्रेसी : जनमत एक्सप्रेस। 9997667313

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *