बदायूं में रोडवेज और बाइक की भिड़ंत, हादसे में संभल निवासी 3 दोस्तों की मौत

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे स्थित फैजगंज बेहटा थाना इलाके में सैंडोला गांव के पास सोमवार रात करीब 8:30 बजे एक तेज गति रोडवेज बस ने बाइक को सामने से टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार तीन दोस्तों की मौत हो गई। तीनों दोस्त बदायूं के बिसौली से अपने घर लौट रहे थे।
मृतकों की पहचान संभल के गांव भटोर, नरोली चंदौसी निवासी अचिन (24 वर्ष) पुत्र अशोक, विशाल (26 वर्ष) पुत्र प्रताप और नितिन (28 वर्ष) पुत्र रामोतार के रूप में हुई है। ये तीनों आपस में दोस्त थे। जानकारी के मुताबिक, तीनों सोमवार को बिसौली क्षेत्र के गांव रामनगर में विशाल की बुआ के घर गए थे। वहां से तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे। एमएफ हाईवे पर सैंडोला गांव के पास सामने से आ रही रोडवेज बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर फैजगंज बेहटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को एंबुलेंस से बिसौली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में जान गंवाने वाला नितिन एसएम कॉलेज में बीए का छात्र था। तीन युवकों की एक साथ मौत की खबर उनके गांव पहुंची तो परिवारों में मातम छा गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और हादसे की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *