बदायूॅं जनमत। ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रैक्टर चालक और एक अन्य बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया। वहीं घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया।
हादसा एमएम हाईवे पर अलापुर थाना क्षेत्र के जगत गांव के पास हुआ। सदर कोतवाली क्षेत्र के विजयनगर निवासी अमन भारद्वाज (20 वर्ष) पुत्र कृष्ण कुमार भारद्वाज अपने मोहल्ले के दोस्त हिमांशु के साथ किसी काम से उसावां की ओर गया था। काम निपटाकर दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान जगत गांव के पास सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर में अमन, हिमांशु और ट्रैक्टर चालक सत्येंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। वहां डॉक्टरों ने अमन भारद्वाज को मृत घोषित कर दिया, जबकि हिमांशु को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। ट्रैक्टर चालक का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
अमन के बड़े भाई ने बताया कि वह छह भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी अचानक हुई मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे मोहल्ले में शोक की लहर छाई हुई है।

