बदायूॅं जनमत। तीसरी बेटी पैदा होने पर विवाहिता के पति और ससुराल के लोगों का व्यवहार बदल गया। आरोप है कि पति समेत उसके परिजनों ने विवाहिता की पिटाई की और बाल काट डाले। विवाहिता ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। विवाहिता का ससुर पुलिस विभाग में है।
मामला उझानी के गौतमपुरी मोहल्ले का है। विवाहिता प्रवेश की ओर से दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उसके पति मुकुल प्रिय समेत परिवार के अन्य सदस्य उन्हें काफी समय से परेशान कर रहे हैं। छह महीने पहले प्रवेश ने तीसरी संतान के रूप में बेटी को जन्म दिया तो उनके पति का व्यवहार काफी बदल गया। विवाहिता का आरोप है कि मारपीट के बाद उसके सिर के बाल काट दिए गए। आरोपी उन्हें बेटा नहीं होने का ताना देते हैं। दो दिन पहले बरेली में मीरगंज क्षेत्र के गांव नगरिया सादात निवासी धीर सिंह बहन प्रवेश को बुलाने आए तो उनके साथ भी मारपीट की गई। पिटाई से परेशान प्रवेश ने कॉल करके मौके पर बुलाया तो आरोपियों ने पुलिसकर्मियों के साथ भी अभद्रता की गई। इसका जिक्र भी रिपोर्ट में किया गया है।
ससुर है पुलिसकर्मी…
प्रवेश ने पति मुकुल प्रिय, देवर अंकुल, सास प्रेमवती और ससुर प्रेमशंकर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपी ससुर पुलिसकर्मी हैं। प्रवेश का कहना है कि वह पति और परिवार के सदस्यों के साथ जहां भी रही, हर जगह निवास के दौरान उनका उत्पीड़न किया गया।

