बदायूॅं जनमत। यातायात पुलिस के एक सिपाही ने अपनी सूझबूझ से एक पिकअप चालक की जान बचाई। इंद्रा चौक पर ड्यूटी के दौरान चालक को हार्ट अटैक आने पर सिपाही प्रभात श्रीवास्तव ने उसे सीपीआर दिया और तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, इंद्रा चौक पर एक पिकअप गाड़ी अचानक रुक गई, जिससे यातायात बाधित होने लगा। कांस्टेबल प्रभात श्रीवास्तव ने मौके पर जाकर देखा तो गाड़ी में चालक बेहोशी की हालत में मिला। बिना देर किए सिपाही प्रभात ने चालक को सीपीआर दिया और उसे तत्काल जिला अस्पताल ले गए। अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि चालक को हार्ट अटैक आया था और समय पर सीपीआर तथा उपचार मिलने के कारण उसकी जान बच गई। चालक की हालत अब स्थिर है। पुलिसकर्मी के इस सराहनीय कार्य की स्थानीय लोग और प्रशासन जमकर प्रशंसा कर रहे हैं।


