बदायूं न्यायालय सुरक्षा में तैनात दरोगा का कमरे में फंदे से लटका मिला शव, आत्महत्या की आशंका

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। न्यायालय सुरक्षा में तैनात एक दारोगा का शव बृहस्पतिवार को कमरे में फंदे से लटका मिला। वह शहर के सिविल लाइंस कोतवाली थाना क्षेत्र के मधुबनी कॉलोनी में किराये के कमरे में रहते थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय ने बताया कि अभी तक की जांच में दरोगा के आत्महत्या करने की पुष्टि हुई है। परिजनों के आने पर उनसे बातचीत के बाद ही आत्महत्या के कारणों का पता लग सकेगा। एसएसपी अंकिता शर्मा ने भी मौके पर जाकर घटना का जायजा लिया।
मूलरूप से मथुरा जिले के गोविंदनगर निवासी दरोगा मेघश्याम गौतम (52 वर्ष) पुत्र रतनलाल गौतम शहर के मधुबनी कॉलोनी में किराये के कमरे में रहते थे। मकान मालिक विकेश ने पुलिस को बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह दारोगा की बेटी का फोन आया कि वह फोन नहीं उठा रहे हैं। इसके बाद विकेश की पत्नी ने उनके कमरे का दरवाजा खट खटकाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

गमछे के फंदे से लटका था शव…

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर जाकर देखा गया, तो दरोगा कमरे के दूसरे गेट पर गमछे के फंदे से लटकते मिले। घटना की सूचना पर एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह और सीओ सिटी रजनीश कुमार उपाध्याय भी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। दरोगा मेघश्याम पिछले एक साल से इसी मकान में रह रहे थे।
सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय ने बताया कि दारोगा का शव उनके किराए के कमरे में लटका मिला। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। उनके परिवार को सूचना दे दी गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से ही मौत का कारण पता लग सकेगा। एसएसपी अंकिता शर्मा ने भी मौके पर जाकर घटना का जायजा लिया। एसएसपी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *