राष्ट्रीय पक्षी मोर को पकाकर खा गई महिला; लोगों ने पकड़कर की पिटाई, बांग्लादेशी होने का जताया शक

उत्तर प्रदेश

बरेली जनमत। गुरुवार की देर शाम एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। यहां एक महिला ने राष्ट्रीय पक्षी मोर को मारकर पकाया और खा लिया। जैसे ही आसपास के लोगों को इसकी भनक लगी तो आक्रोश फूट पड़ा और उन्होंने महिला की पिटाई कर दी। मामला कैंट थाना क्षेत्र के जंक्शन के पास का है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, महिला ने सुनसान जगह पर ईंट लगाकर चूल्हा बनाया और मोर का मांस पकाना शुरू कर दिया। इसी दौरान वहां मौजूद पूनम नाम की महिला अपने डॉग को टहला रही थी। पूनम ने बताया कि जब उन्होंने पास जाकर देखा तो साफ हो गया कि महिला मोर का मांस पका रही है। पूछने पर महिला ने खुद भी कबूल कर लिया कि उसने मोर को मारकर पकाया है। राष्ट्रीय पक्षी की हत्या की खबर फैलते ही मौके पर भीड़ जुट गई। लोगों ने महिला से पूछताछ की और गुस्से में उसकी जमकर पिटाई कर दी। पूनम ने बताया कि महिला की शक्ल-सूरत और बोलचाल से लग रहा था कि वह बांग्लादेशी है। इसको लेकर भी लोगों में नाराजगी देखने को मिली।

पुलिस ने लिया हिरासत में…

मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत कैंट पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और महिला को हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है। राष्ट्रीय पक्षी की हत्या को लेकर लोगों में काफी गुस्सा है। उनका कहना है कि ऐसी हरकत करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *