बदायूॅं जनमत। बिजनौर–बदायूं हाईवे पर तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक को मौत की नींद सुला दिया। हादसे में युवक की मां और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजते हुए दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। गुरुवार सुबह बिल्सी कोतवाली क्षेत्र के कोल्ड स्टोर के पास हादसा हुआ। पहाड़पुर निवासी रामगोपाल ने बताया कि उनका तहेरा भाई अंकुल सिंह (25) पुत्र अरविंद सिंह अपनी मां बबली और बेटी दिब्बू के साथ दवा लेने के लिए बिल्सी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आ रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
मौके पर अफरा-तफरी, पुलिस और एंबुलेंस ने संभाला मोर्चा टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से बिल्सी सरकारी अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने अंकुल सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं मां और बेटी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। अंकुल सिंह परिवार का इकलौता बेटा था। वह शहजादनगर स्थित सूर्य प्लांट में मजदूरी करता था। उसकी तीन बहनें हैं, जिनमें दो की शादी हो चुकी है जबकि छोटी बहन का रिश्ता तय हो चुका है। अचानक हुए इस हादसे से परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंचे बिल्सी कोतवाल मनोज कुमार सिंह ने बताया कि हादसे में प्रयुक्त वेगनार कार को कब्जे में ले लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

