बदायूॅं जनमत। खेत में सिंचाई के दौरान पानी में करंट आने से एक किसान की मौत हो गई। घटना गुरुवार रात की है। धान की सिंचाई करते समय अचानक पानी में करंट दौड़ गया। जिसकी चपेट में आकर 50 वर्षीय किसान की मौत हो गई।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के शेखुपुर सेंजनी गांव निवासी ओंकार सिंह अपने ट्यूबवेल पर रोज की तरह गुरुवार की रात में भी धान की सिंचाई कर रहे थे। इसी दौरान पानी में अचानक करंट आ गया। करंट लगने से वह मौके पर ही गिर पड़े। करंट के झटका से पानी में गिरे ओंकार सिंह ने तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। परिजन को जब तक घटना की जानकारी मिली तब तक ओंकार सिंह की सांसें थम चुकी थीं।
मृतक किसान के बेटे गुड्डू ने बताया कि उनके पिता खेती-बाड़ी से ही परिवार का पालन-पोषण करते थे। हादसा के बाद पूरे परिवार में मातम छाया हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


