बदायूॅं जनमत। आवारा सांड आए दिन मौत का कारण बनते जा रहे हैं। इसके बावजूद शासन प्रशासन केवल कागजों में अभियान चलाने में लगा हुआ है। कोतवाली बिसौली क्षेत्र के गांव धर्मपुर बिहारीपुर निवासी बाइक सवार भगवान शरण (35) की बाइक को आवारा सांड ने टक्कर मार दी। जिससे उनकी मौत हो गई। वहीं एक साथी घायल है।
भगवान शरण अपने साथी ब्रजवासी की बाइक पर बैठकर बिसौली से अपने गांव लौट रहे थे। बिसौली से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर एक सांड ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक से गिर पड़े। भगवान शरण का सिर सड़क से टकरा गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक चला रहे ब्रजवासी सड़क किनारे मिट्टी पर गिरे और बाल-बाल बच गए। परिजन गुरुवार सुबह साढ़े 6 बजे घायल भगवान शरण को इलाज के लिए बिसौली ले जा रहे थे। रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। उनकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जांच की जा रही है।

