बदायूं डिपो की बस में परिचालक ने महिला यात्री से की छेड़छाड़, एआरएम पीलीभीत को सौंपी गई जांच

अपराध

बदायूॅं जनमत‌। बदायूं डिपो के परिचालक ने आधी रात चलती बस में महिला यात्री से छेड़खानी कर दी। महिला चंडीगढ़ से लौट रही थी। उसकी लिखित शिकायत पर एआरएम बदायूं से रिपोर्ट तलब करने के बाद मामले में जांच एआरएम पीलीभीत को सौंप दी गई है।
बिसौली निवासी एक महिला चंडीगढ़ से रोडवेज बस से लौट रही थी। महिला यात्री का कहना है कि बदायूं डिपो की बस संख्या यूपी 78 एटी 1079 में पीछे की सीट पर बैठी थी। आधी रात में परिचालक ने बस की लाइटों को बंद कर दिया। उसकी कुछ आंख लगी तभी परिचालक उसकी सीट पर आकर बैठ गया और अश्लीलता करने लगा। उसने विरोध किया तो परिचालक ने उसको बस से उतारने की धमकी दी। इस दौरान कुछ यात्री जाग गए तो परिचालक उसके पास से चला गया।
बस के बरेली पहुंचने पर महिला ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद अधिकारियों ने बदायूं डिपो के एआरएम राजेश पाठक से मामले में रिपोर्ट तलब की। आरोपी परिचालक से भी पूछताछ की गई। मामले में जांच एआरएम पीलीभीत पवन श्रीवास्तव को दी गई है। एआरएम राजेश पाठक ने बताया कि जांच की जा रही है। संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *