बरेली जनमत। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु सोमवार को बरेली को एक घंटा 40 मिनट रहेंगी। आईवीआरआई के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर द्रौपदी मुर्मु हिस्सा लेंगी। शनिवार को राष्ट्रपति का मिनट टू मिनट प्रोग्राम जारी कर दिया गया। अधिकारियों ने राष्ट्रपति के दौरे को लेकर एयरफोर्स से लेकर आईवीआरआई तक रूट पर रिहर्सल भी की।
राष्ट्रपति के प्रोग्राम को लेकर कई दिन से तैयारियां चल रहीं हैं। आईवीआरआई के साथ-साथ राष्ट्रपति के रूट पर तैयारियां चल रहीं हैं। शनिवार को राष्ट्रपति का प्रस्तावित दौरा कंफर्म हो गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु बरेली में एक घंटा 40 मिनट तक रुकेंगी। सुबह 9 बजे दिल्ली से राष्ट्रपति बीबीजे वायुयान के जरिए बरेली के लिए रवाना होंगी। सुबह 9:50 राष्ट्रपति त्रिशूल एयरबेस पर पहुंचेंगी। यहां राष्ट्रपति का स्वागत मुख्यमंत्री के साथ कई नेता-अधिकारी करेंगे। यहां से राष्ट्रपति सीधे कार से आईवीआरआई रवाना हो जाएंगी। सुबह 10:10 से 11:10 बजे तक राष्ट्रपति आईवीआरआई में रहेंगी। सुबह 11:30 बजे द्रौपदी मुर्मु बीबीजे वायुयान से गोरखपुर के लिए रवाना हो जाएंगी।
राष्ट्रपति दौरे की व्यवस्था संभालेंगे 61 मजिस्ट्रेट…
राष्ट्रपति दौरे की व्यवस्था को लेकर डीएम ने शनिवार को मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी तय कर दीं। एयरफोर्स स्टेशन लेकर आईवीआरआई तक 61 मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। बरेली के साथ-साथ मंडल के दूसरे जिलों के मजिस्ट्रेट की भी ड्यूटी लगाई गई है। सोमवार को सुबह 6 बजे से मजिस्ट्रेट अपने ड्यूटी स्थल पर तैनात हो जाएंगे।
डीएम अविनाश सिंह ने बताया, महामहिम राष्ट्रपति के दौरे की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मजिस्ट्रेट की तैनाती कर दी गई है। मंडल के दूसरे जिलों से भी मजिस्ट्रेट बुलाए गए हैं। साफ-सफाई पर खास फोकस किया गया है। महामहिम के रूट पर रिहर्सल हो चुका है।