बदायूॅं जनमत। दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव कोली में एक दर्दनाक हादसा सामने आया। यहां एक किसान की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई।
रविवार दोपहर के समय 55 वर्षीय किसान रामौतार अपना पक्का मकान बनवा रहे थे। लिंटर डालने के लिए वह मजदूरों के साथ काम कर रहे थे। रामौतार लिंटर पर खड़े होकर नीचे से सरिया खींच रहे थे। मजदूर नीचे से उन्हें सरिया पकड़ा रहा था। घर के पास से गुजर रही एचटी लाइन में सरिया जा टकराया। यह घटना वैलेंस बिगड़ने के कारण हुई। लाइन में विद्युत आपूर्ति चालू थी। करंट लगने से रामौतार गंभीर रूप से झुलस गए।
परिजन तुरंत उन्हें अस्पताल ले गए। लेकिन कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन ने इस घटना से संबंधित मेमो पुलिस को भेज दिया है। रामौतार की मौत से परिवार में मातम छा गया है।
