बदायूॅं जनमत। वजीरगंज थाना क्षेत्र के मुड़िया सतासी गांव में शुक्रवार रात एक अजीब घटना सामने आई। रात तड़के जब एक अनजान कार गांव में पहुंची, तो ग्रामीणों ने हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने कार में बैठे युवक को ड्रोन चोर समझकर पकड़ लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी।
घटना रात करीब दो से तीन बजे की है। जैसे ही लोगों ने अनजान कार देखी, वैसे ही मौके पर भीड़ जमा हो गई। युवक से पूछताछ की गई, लेकिन वह घबराहट में सही जवाब नहीं दे पाया। इस पर लोगों ने उसकी तलाशी ली और फिर मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान किसी ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सूचना मिलते ही यूपी 112 और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक को भीड़ से छुड़ाकर थाने ले गई। पूछताछ में पता चला कि युवक बदायूं के बिल्सी कस्बे का रहने वाला है और वह अपनी महिला मित्र से मिलने गांव आया था।
वजीरगंज थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि युवक के खिलाफ किसी प्रकार की आपराधिक गतिविधि सामने नहीं आई है। फिर भी शांति भंग की धारा में उसके खिलाफ कार्रवाई की गई है। पुलिस अब वायरल वीडियो के आधार पर मामले की विस्तृत जांच कर रही है। 


