मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत 28 मुस्लिमों समेत 691 जोड़ों का विवाह सम्पन्न

उत्तर प्रदेश

बदायूँ जनमत। सेवा संकल्प अभियान के अन्तर्गत मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना तहत सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन शहर के हाफिज सिद्दीक इस्लामिया इंटर कॉलेज एवं विकास खण्ड अम्बियापुर में आयोजित किया गया। बदायूं में आयोजित कार्यक्रम मे 408 हिंदू जोड़ों ने फेरे लिए एवं मुस्लिम 21 जोड़ों का निकाह हुआ, इस प्रकार कुल 429 का विवाह सम्पन्न हुआ वहीं बिल्सी में आयोजित कार्यक्रम में 255 हिंदू जोड़ों ने फेरे लिए एवं मुस्लिम 07 जोड़ों का निकाह हुआ, इस प्रकार जनपद में कुल 691 जोड़ों का विवाह सम्पन्न हुआ। सरकार द्वारा एक लाख रुपये की धनराशि का लाभ इस योजना अन्तर्गत नवविवाहित जोड़ों को दिया जाता है, जिसमें 21000 रुपए की उपहार सामग्री होती है, 15000 रुपए प्रति जोड़ा आयोजन में व्यय होता है और शेष 64000 रुपए की धनराशि बधु के खाते में पहुंचती है।
शुक्रवार को दोनों स्थानों पर आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना अंतर्गत विवाह समारोह के मुख्य अथिति राज्यमंत्री भारत सरकार बीएल वर्मा रहे। उन्होंने कहा कि आज का यह सामूहिक विवाह समारोह केवल विवाह का आयोजन नहीं है, बल्कि यह अनेक परिवारों के सपनों, खुशियों और नई उम्मीदों का उत्सव है। आज यहां बैठे इन माता-पिता के चेहरों पर जो खुशी दिखाई दे रही है, वह अपने आप में बहुत कुछ कहती है। एक समय था जब गरीब परिवार में बेटी का जन्म होते ही माता-पिता उसकी पढ़ाई और फिर उसके विवाह की चिंता करने लगते थे। बेटी बड़ी होती जाती थी और उसके भविष्य की चिंता भी बढ़ती जाती थी। कई माता-पिता इसी चिंता के बोझ में समय से पहले ही बूढ़े नजर आने लगते थे। लेकिन आज तस्वीर बदल रही है। आज बेटी के विवाह के इस पवित्र अवसर पर माता-पिता के चेहरे पर चिंता नहीं, बल्कि खुशी और संतोष दिखाई दे रहा है। क्योंकि अब जरूरतमंद परिवार खुद को अकेला महसूस नहीं करते। सरकार ने उनका हाथ थामने का काम किया है। मैं आज विवाह के बंधन में बंधने जा रहे सभी नवविवाहित जोड़ों को हृदय से बधाई देता हूं। ईश्वर से कामना है कि आपके वैवाहिक जीवन में प्रेम, विश्वास, आपसी सम्मान और खुशियां हमेशा बनी रहें।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी अवनीश राय, मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला, जिला विकास अधिकारी मनोज कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी मीनाक्षी वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता सहित संबंधित खंड विकास अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *