बदायूॅं जनमत। एक युवक की संदिग्धावस्था में मौत हो गई है। परिजनों ने युवक की महिला मित्र और उसके परिवार पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार उघैती थाना क्षेत्र के सोनिया खेड़ा गांव निवासी दीपक पुत्र भीकम सिंह बिसौली में एक मोबाइल दुकान पर काम करता था। लगभग डेढ़ साल पहले वह सोशल मीडिया के माध्यम से एक विवाहित महिला के संपर्क में आया था। यह महिला अपने पति से अलग दातागंज के डहरपुर गांव में रहती है और उसका पति से कानूनी विवाद चल रहा है। दीपक अक्सर महिला से फोन पर बात करता था और उससे मिलने भी जाता था। परिजनों की तहरीर के मुताबिक 18 सितंबर को सुबह महिला ने दीपक को फोन करके अपने घर बुलाया था। दीपक वहां चला गया। शाम करीब चार बजे दीपक ने अपनी बहन पूजा को फोन कर बताया कि महिला और उसके पिता ने धोखे से उसे खाने में जहर दे दिया है। इसके बाद दीपक का मोबाइल स्विच ऑफ हो गया।
बाद में दीपक की प्रेमिका ने परिजनों को फोन पर सूचित किया कि दीपक की हालत खराब है और उसे दातागंज के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिवार वाले अस्पताल पहुंचे और उसे बेहतर इलाज के लिए मुरादाबाद ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। परिजन शव को घर ले आए। पुलिस को सूचना मिलने पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। उघैती एसएचओ अवधेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

