बदायूं SSP का एक्शन; फरियादी से अभद्रता करने पर कोतवाल समेत दो सस्पेंड, गाली और धक्का देना का आरोप

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। बदायूं पुलिस द्वारा एक दृष्टिहीन व्यक्ति से अभद्रता का वीडियो सामने आया है। थाने से फरियादी को गाली देकर धक्के मारकर बाहर निकाल दिया गया। वीडियो में कोतवाल राजेंद्र सिंह पुंडीर फरियादी को गाली देते दिखाई पड़ रहे हैं।
मामला बिसौली कोतवाली का है। कोतवाल साहब हड़काते हुए अपनी कुर्सी से उठते हैं और दृष्टिहीन फरियादी को धक्के देकर बाहर कर देते हैं। वीडियो सामने आने पर एसएसपी ने कोतवाल राजेंद्र सिंह पुंडीर और दरोगा भूपेंद्र यादव को निलंबित कर दिया है। मामले की जांच सीओ बिसौली को सौंपी गई है।
वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव नौली हरनाथपुर निवासी दृष्टिबाधित मोरपाल के अनुसार, 2 मार्च को उनके भतीजे के साथ सड़क हादसा हुआ था। घायल को जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने मामले में कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया। लगातार टालमटोल करती रही। न्याय न मिलने पर मोरपाल दोबारा बिसौली कोतवाली पहुंचे थे। मोरपाल का आरोप है कि कोतवाली पहुंचने पर हल्का दरोगा भूपेंद्र यादव ने उनके साथ अभद्रता की और गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह पुंडीर भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने गाली-गलौज कर मोरपाल को अपमानित किया। धक्के मारकर कोतवाली से बाहर निकाल दिया। इस घटना का किसी ने वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
मोरपाल ने इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी दर्ज कराई थी। लेकिन वहां से कोई राहत नहीं मिली थी। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और तत्काल प्रभाव से प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह पुंडीर तथा दरोगा भूपेंद्र यादव को निलंबित कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *