बदायूॅं जनमत। दहगवां में बृहस्पतिवार को औषधि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर के नौ होलसेल मेडिकल स्टोरों पर छापामारी की। बिल-वाउचर में कमियां मिलने पर नोटिस जारी करने की तैयारी की गई है।
औषधि निरीक्षक डॉ. लवकुश प्रसाद ने टीम के साथ एक-एक कर सभी थोक दवा दुकानों पर पहुंचकर सघन जांच पड़ताल की। निरीक्षण के दौरान दवाओं के रखरखाव, कोल्ड चेन में रखी जाने वाली दवाओं के तापमान, एक्सपायरी दवाओं के निस्तारण, नारकोटिक्स दवाओं के स्टॉक रजिस्टर, बिक्री के बिल-वाउचर, लाइसेंस, फार्मासिस्ट की उपस्थिति और सीसीटीवी समेत अन्य अभिलेखों की बारीकी से जांच की गई। औषधि निरीक्षक ने बताया कि शासन के निर्देश पर पूरे प्रदेश में होलसेल मेडिकल स्टोरों का वार्षिक निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दहगवां में नौ दुकानों का निरीक्षण किया गया है।
उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान अधिकांश दुकानों पर व्यवस्थाएं सही मिलीं, लेकिन कुछ मेडिकल स्टोरों पर बिल-वाउचर और अभिलेखों के रखरखाव में कमियां पाई गई हैं। किसी भी दुकान पर नकली या अवैध दवा नहीं मिली है, जिन दुकानों पर कमियां मिली हैं, उन संचालकों को जल्द ही नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा। जवाब संतोषजनक न मिलने पर औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


