बदायूॅं जनमत। कासगंज जिले के थाना सिकंदरपुर वैश्य के गांव तरसी निवासी अतुल (22 वर्ष) पुत्र राजेंद्र की बाइक को बुधवार दोपहर तीन बजे पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। बाइक पर बैठा उसका 13 वर्षीय चचेरा भाई पंकज पुत्र महेश गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने थे।
हादसे की सूचना पुलिस ने परिजनों को दी। परिजनों ने बताया कि अतुल अपने चचेरे भाई पंकज के साथ अपने भाई की ससुराल में दावत खाने के लिए बाइक से जा रहे थे। उनके भाई की ससुराल उझानी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में है। तीन बजे कादरचौक-गंजडुंडवारा रोड पर मुन्ना लाल के क्रेशर के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी, जिससे अतुल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चचेरा भाई किशोर पंकज गंभीर रूप से घायल हो गया। एसओ विक्रम सिंह ने बताया कि हादसा करने वाले पिकअप व उसके चालक को मौके से पकड़ा गया है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पांच महीने पहले हुई थी शादी…
अतुल की शादी पांच महीने पहले उसहैत थाना क्षेत्र के गांव बिरिया डांडी से हुई थी। मौत की सूचना के बाद उसकी पत्नी बेसुध हो गई। वहीं ससुराल के लोग रोते-बिलखते हुए जिला मुख्यालय पहुंच गए। हादसे के समय बाइक सवार हेमलेट नहीं पहने थे। लोगों ने कहा कि हेलमेट होता तो शायद उसकी जान बच जाती।
एक महीने पहले ही खरीदी थी बाइक…
अतुल ने एक महीने पहले ही बाइक खरीदी थी। अभी उसपर नंबर प्लेट तक नहीं लगी है। इसी बाइक से हादसा हो गया और युवक की जान चली गई।

