बदायूं में सफाईकर्मी ने डीजल छिड़ककर आत्मदाह की कोशिश की, चेयरमैन पर उत्पीड़न का आरोप

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। मानदेय रोके जाने से क्षुब्ध होकर एक नगर पालिका परिषद में कार्यरत आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारी ने बुधवार को खुद पर डीजल डालकर आत्मदाह की कोशिश की। इससे नगर पालिका परिसर में हड़कंप मच गया। कर्मचारियों ने उसे बचा लिया।
बिसौली कस्बा निवासी शिवम ने बताया कि वह सफाई कर्मचारी के पद पर नगर पालिका में तैनात है। वह रोजाना अपनी ड्यूटी करता आ रहा है। लेकिन सफाई नायक उसकी हाजिरी ही नहीं लगाता है। पूरे महीने में मात्र दो दिन ही उसकी ड्यूटी दिखाई गई है। दो दिन का ही मानदेय आया। उसने ईओ से शिकायत की तो उन्होंने सफाई नायक को फटकार लगाई और हाजिरी लगाकर उसका मानदेय दिलाने को कहा। इसके बाद भी चेयरमैन व सफाई नायक उसका मानदेय नहीं दे रहे हैं।
दोपहर के समय वह राशन लेने दुकान पर गया तो दुकानदार ने अपने रुपये मांगे। उसने कहा कि मानदेय आने के बाद देगा। इसी बात पर उसने कर्मचारी का भला-बुरा सुना दिया। परेशान होकर वह नगर पालिका परिसर में पहुंच गया और अपने मानदेय की मांग की लेकिन उसकी किसी ने नहीं सुनी। इसी से क्षुब्ध होकर वहां केन में रखा डीजल अपने ऊपर डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। यह देख वहां मौजूद कर्मचारियों ने उसके हाथ से केन छीनकर उसको बचा लिया। सफाईकर्मी ने नगर पालिका चेयरमैन पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है।

शिकायत के आधार पर रोका गया वेतन…

नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी रवि यादव ने कहा कि कर्मचारी आउटसोर्सिंग पर कार्यरत है। कुछ सभासदों की शिकायत के आधार पर उसका कुछ दिनों का वेतन रोका गया है। उसका मानदेय जल्द ही जारी करा दिया जाएगा। उसने डीजल डालने का प्रयास किया था लेकिन उसको कर्मचारियों ने रोक लिया। उसको समझाकर घर भेजा गया है।
चेयरमैन अबरार अहमद ने कहा कि वह आउटसोर्सिंग का कर्मचारी है। पालिका से उसका कोई लेना-देना नहीं है। ठेकेदार खुद हाजिरी के हिसाब से मानदेय खातों में भेजते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *