यूपी पंचायत चुनाव से पहले 107 नगरों का बढ़ेगा दायरा, 97 नई नगर पंचायतें बनेंगी, घटेंगी ग्राम पंचायतें

उत्तर प्रदेश

यूपी जनमत। यूपी पंचायत चुनाव से पहले योगी सरकार उत्तर प्रदेश के शहरों का दायरा नए सिरे से तय करने जा रही है। मौजूदा समय शहरी आबादी 22 प्रतिशत है, इसे बढ़ाकर करीब 35 प्रतिशत करने की तैयारी है। इसके लिए नई नगर पंचायतें बनाई जाएंगी और नगर निगम के साथ पालिका परिषद व नगर पंचायतों की सीमा बढ़ाई जाएगी। इससे यह तय है कि प्रदेश में ग्राम पंचायतें कम हो जाएंगी और परिसीमन का काम टलने से पंचायत चुनाव प्रक्रिया प्रभावित होगी।

97 नई नगर पंचायतें बनेंगी 107 का बढ़ेगा दायरा…

नगर विकास विभाग करीब 97 नई नगर पंचायतें बनाने जा रहा है और 107 से अधिक निकायों की सीमा बढ़ाने की तैयारी है। प्रमुख सचिव नगर विकास अमृत अभिजात ने पंचायती राज विभाग को पत्र लिखकर स्वयं इसकी जानकारी दी है। बताया जा रहा है कि उच्च स्तर पर इसको लेकर सहमति बन गई है और जल्द ही कैबिनेट से प्रस्ताव पास कराने की तैयारी है।

श्रीपालपुर, हिलौली व भदारखास नई नगर पंचायत…

नगर विकास विभाग पहले चरण में तीन नई नगर पंचायतें बनाने जा रहा है। बस्ती में श्रीपालपुर, गोरखपुर में भदारखास और उन्नाव में हिलौली। उन्नाव की हिलौली में आठ गांवों को शामिल करते हुए नई नगर पंचायत बनाया जाएगा। गोरखपुर की भदारखास नगर पंचायत में 19 गांवों को शामिल किया जा रहा है। बस्ती की श्रीपालपुर नगर पंचायत में 17 गांवों को शामिल किए जाने का प्रस्ताव है। संबंधित जिलों से डीएम द्वारा नगर विकास विभाग को प्रस्ताव उपलब्ध करा दिया गया है। इसके आधार पर इसे नगर पंचायत बनाने की तैयारी है।

नौ नगर पंचायतों की पहले बढ़ेगी सीमा…

बदायूं की उसैहत नगर पंचायत में चार और गांवों को शामिल किया जाएगा। सोनभद्र की घोरावल नगर पंचायत में आसपास के दो गांवों को शामिल किया जाएगा। महराजगंज की नगर पंचायत घुघली में सात और गांवों को शामिल किया जाएगा। बाराबंकी की नगर पंचायत हैदरगढ़ में पांच और गांवों को शामिल किए जाने का प्रस्ताव है। अलीगढ़ की कौड़ियागंज में दो, ललितपुर की महरौनी में चार, सहारनपुर की नानौता में एक, हाथरस की सासनी में पांच, कन्नौज की सिकंदरपुर नगर पंचायत में सात गांवों को शामिल करने का प्रस्ताव है।

नगर निगमों का भी बढ़ेगा दायरा…

इसके साथ ही नगर निगमों के साथ पालिका परिषद का भी दायरा बढ़ाने की तैयारी है। बताया जा रहा है कि पहले चरण में गाजियाबाद और फिरोजाबाद नगर निगम का दायरा बढ़ाए जाने की तैयारी है। इसके अलावा मंडल मुख्यालय वाले नगर पालिका परिषदों को स्मार्ट सिटी बनाया जाना है। इसमें से कई पालिका परिषदों का दायरा बढ़ाने की योजना है। इसके लिए जिलाधिकारियों द्वारा नगर विकास विभाग को प्रस्ताव उपलब्ध कराया जा रहा है।
मौजूदा समय प्रदेश में 762 नगर निकाय हैं, नगर निगम 17, पालिका परिषद 200 व 545 नगर पंचायतें हैं। मौजूदा समय शहरी आबादी 22 प्रतिशत आबादी निवास करती है।   

ग्राम पंचायतों की स्थिति…

प्रदेश में मौजूदा समय 57795 ग्राम पंचायतें हैं। नई निकाय बनने और सीमा विस्तार के बाद इनकी संख्या कम हो जाएगी।

क्या होगा फायदा..?

शहरी दायरा बढ़ाने से गांवों का पालयन रुकेगा और यहां रहने वालों को शहरों जैसी सुविधाएं मिलेंगी। सड़क, नाली, जलापूर्ति, स्ट्रीट लाइट के साथ सीवर की सुविधा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *