बदायूॅं जनमत। एक विवाहिता की शुक्रवार दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके वालों के शाम को पहुंचने पर उसका शव फंदे पर लटका मिला। इस समय तक ससुराल वाले घर से फरार हो चुके थे।
मूसाझाग थाना क्षेत्र के एभिया गांव में यह घटना हुई। संदीप पुत्र ओमेंद्र की शादी लगभग तीन साल पहले कोतवाली दातागंज क्षेत्र के छछऊ निवासी नेहा (26) से हुई थी। नेहा के पिता लायक सिंह का पहले ही देहांत हो चुका था। पोस्टमार्टम हाउस पर नेहा की बहन ने बताया कि शादी के बाद से ससुराल पक्ष दहेज की मांग करता था। उनके पास पैसे नहीं थे और शादी भी रिश्तेदारों के सहयोग से हुई थी। मांग पूरी न होने पर नेहा को प्रताड़ित किया जाता था।
मायके वालों का आरोप है कि नेहा के ससुर ओमेंद्र उसके पति को मजदूरी के लिए दूसरे जिले में भेज देता था। वह नेहा पर बुरी नजर रखता था। नेहा ने इसकी शिकायत कई बार अपने मायके वालों से की थी। मायके वालों ने पंचायत के माध्यम से ससुर को कई बार समझाने का प्रयास किया। लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। आज जब नेहा की मौत हुई, तो ससुर ने ही फोन करके मायके वालों को सूचना दी। शाम को जब मायके वाले पहुंचे, तो पूरा परिवार वहां से भाग चुका था। नेहा का शव घर में पड़ा हुआ था। एसएचओ मान बहादुर सिंह ने बताया कि शव फंदे पर मिला था और मामले की जांच जारी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मायके वालों का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर नेहा की हत्या करके उसका शव फंदे पर लटका दिया गया है। 


