बदायूॅं जनमत। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी, इस सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई। शनिवार दिन में हुए इस हादसे में बेटे की मौके पर ही जान चली गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल पिता ने शनिवार आधी रात को दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
घटना सहसवान कोतवाली क्षेत्र के बदायूं-दिल्ली हाईवे पर सुल्तानपुर गांव के पास हुई। बिल्सी थाना क्षेत्र के रसौली गांव निवासी 47 वर्षीय धर्मेंद्र वाल्मीकि अपने 18 वर्षीय बेटे अजय वाल्मीकि के साथ बाइक से सहसवान में एक गोद भराई समारोह में जा रहे थे। विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अजय वाल्मीकि की मौके पर ही मौत हो गई। धर्मेंद्र वाल्मीकि गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और अजय के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
घायल धर्मेंद्र वाल्मीकि को परिजनों ने बदायूं के राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर सैफई रेफर कर दिया। हालांकि, सैफई ले जाते समय देर रात धर्मेंद्र वाल्मीकि ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। परिजन शव को घर ले आए और पुलिस को सूचित किया।
पुलिस ने धर्मेंद्र वाल्मीकि के शव को भी पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। दोनों पिता-पुत्र का एक साथ पोस्टमॉर्टम कराया गया। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। राहगीरों की मदद से ट्रक को मौके पर ही पकड़ लिया गया, लेकिन उसका चालक फरार होने में सफल रहा।

