बदायूॅं जनमत। नवागत पुलिस उपमहानिरीक्षक बरेली परिक्षेत्र, बरेली मुनिराज जी शनिवार को बदायूं पहुंचे। उनके आगमन पर पुलिस लाइन में पुलिस गार्द द्वारा सलामी देकर उनका स्वागत किया गया। इसके बाद डीआईजी ने पुलिस लाइन स्थित सभागार में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा एवं जनपद के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा गोष्ठी आयोजित की।
समीक्षा गोष्ठी के दौरान जनपद की कानून एवं शांति व्यवस्था, अपराध नियंत्रण तथा पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। डीआईजी ने अधिकारियों से जनपद की वर्तमान कानून व्यवस्था और अपराधों की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने, कानून व्यवस्था को सुदृढ़ रखने तथा आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के संबंध में अधिकारियों को निर्देशित किया।
बैठक में आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर भी तैयारियों की समीक्षा की गई। विशेष रूप से जनपद के प्रसिद्ध मेला ककोड़ा की व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा हुई। मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस प्रबंधन से संबंधित तैयारियों पर ध्यान केंद्रित किया गया।
डीआईजी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी त्योहारों एवं मेला ककोड़ा के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी की जाएं। पुलिस अधिकारी आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करें और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बनाए रखें।


