बदायूॅं जनमत। उसहैत थाना क्षेत्र में सड़क किनारे पैदल जा रहे दो लोगों को बाइक युक्त रिक्शा ने जोरदार टक्कर मार दी। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं एक कि बुधवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
घटना उसहैत नगर की है। विगत 14 अप्रैल की शाम को उसहैत के वार्ड संख्या सात निवासी फजल अहमद (50 वर्ष) पुत्र बादुल्ली और रिफाकत अली उर्फ छोटे (46 वर्ष) पुत्र दूंदे अली ककराला चौराहा से पैदल अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान टाउन बाहर पजावां निवासी अनीस नामक युवक नखासा बाजार की ओर से तेज गति बाइक युक्त रिक्शा ला रहा था। अनीस शराब के नशे में था। उसने सामने से दोनों के जोरदार टक्कर मार दी टक्कर लगते ही दोनों दूर जा गिरे।
वहीं, आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को संभाला और उनके परिजनों को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे परिजन दोनों को बदायूं के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां फजल अहमद की स्थिति को देखकर डॉक्टर ने उन्हें हायर ट्रामा सेन्टर रेफर कर दिया। हालत में सुधार न होने पर परिजन उन्हें दिल्ली लेकर पहुंचे। जहां 22 दिन बाद आज बुधवार को इलाज के दौरान फजल अहमद की मृत्यु हो गई। देर रात उनका शव घर पहुंचा तो देखने वालों का तांता लग गया। देर रात उन्हें उसहैत के सार्वजनिक कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया।



