राजकीय मेडिकल कॉलेज में निकली तिरंगा यात्रा, राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का दिया संदेश

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत राजकीय मेडिकल कॉलेज में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा के माध्यम से राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान का संदेश दिया गया। राजकीय मेडिकल कॉलेज में यह अभियान 9 से 17 अगस्त तक विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से मनाया जा रहा है।
तिरंगा यात्रा की अगुवाई कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. शिव कुमार ने की। यात्रा में संकाय सदस्यों, एमबीबीएस, बीएससी एवं पैरामेडिकल छात्र-छात्राओं तथा कर्मचारियों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान प्रतिभागियों ने देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. शिव कुमार ने कहा कि भारतीय तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की स्वतंत्रता, एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है। तिरंगे के केसरिया, श्वेत और हरे रंग क्रमशः साहस एवं त्याग, सत्य एवं शांति तथा समृद्धि एवं विकास का संदेश देते हैं। वहीं, मध्य में स्थित अशोक चक्र निरंतर प्रगति, न्याय और कर्मशीलता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम, एकता और नागरिक उत्तरदायित्व का उत्सव है। यह अभियान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी से अपने घरों पर तिरंगा फहराने, राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करने और सशक्त, समृद्ध एवं एकजुट भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उप-प्रधानाचार्य डा. नेहा सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. रितुज अग्रवाल, डा. श्रवण कुमार भार्गव, डा. मुकत्याज हुसैन, डा. लालेन्द्र यादव, सोशल मीडिया प्रभारी डा. पारूल सक्सेना, डा. अमित कुमार, डॉ. शिवम् कामठान, डॉ. कपिल गुप्ता, डा. श्रीनिवासन गांधी, प्रो. अनिल गुर्जर, डा. प्रदीप मदरेड़ा, गजेन्द्र कुमार सिंह, अजय पारिक, सुनील कुमार सहित अन्य संकाय सदस्य, छात्र-छात्राएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *