उसहैत में संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत; पिता ने लगाया हत्या का आरोप, डेढ़ साल पहले हुई थी शादी

उत्तर प्रदेश
बदायूॅं जनमत‌। उसहैत थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका के पिता ने ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगाया है। मामला थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने पूछताछ की तो पता चला कि विवाहिता पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रही थी। दिल्ली में उसका इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पिता की तहरीर पर पुलिस ने पंचनामा भर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उसहैत के वार्ड संख्या एक निवासी रविंद्र कुमार के पुत्र शिवकुमार की शादी पिछले वर्ष जनपद शाहजहांपुर के थाना कलान क्षेत्र के गांव गंगोरिया निवासी चेतराम की 24 वर्षीय पुत्री प्रगति के साथ हुई थी। शिवकुमार दिल्ली में रहकर मेहनत मजदूरी करके अपने परिवार का भरण पोषण करता है। उसके साथ में उसकी पत्नी प्रगति भी रहती थी। प्रगति ने करीब तीन माह पहले एक बेटे को जन्म दिया था।
बेटे को जन्म देने के बाद से प्रगति बीमार रहने लगी। दिल्ली में ही उसका उपचार चल रहा था‌। उपचार के दौरान सोमवार को दिल्ली में उसकी मृत्यु हो गई। शाम को उसका शव उसहैत पहुंचा। इसी दौरान मृतका के मायके वाले भी पहुंच गए और पति समेत ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगाने लगे। मामला थाने तक पहुंचा, जहां सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान मृतका के पति ने सारी बात बताई।
फैसले को राजी हुआ मायका पक्ष
मामला थाने पहुंचने के बाद दोनों पक्षों के दर्जनों लोग थाना पहुंचे गये। दोनों ओर से हुई कहासुनी के बाद नगर के संभ्रांत लोगों ने बात फैसले तक पहुंचा दी। जिसके चलते तीन माह के लड़के के नाम जमीन लिखने और दहेज का सारा सामान वापस करने की बात पर दोनों पक्ष सहमत हो गए।
थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मृतका के पिता ने हत्या का आरोप लगाया था। वहीं पति का कहना है कि वह काफी दिनों से बीमार थी। उसकी मृत्यु उपचार के दौरान हुई है। फिलहाल दोनों पक्षों में समझौता हो गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *