बदायूॅं जनमत। दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह उर्फ बब्बू भैया को प्रतिनिहित विधायन समिति का सभापति नियुक्त किया गया है। नियुक्ति के बाद उन्होंने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को शॉल और फूलों का गुलदस्ता भेंट कर आशीर्वाद लिया।
उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने विधानसभा की प्रक्रिया तथा कार्य संचालन नियमावली 2023 के नियम 201(1) के तहत विधायक राजीव कुमार सिंह को यह जिम्मेदारी सौंपी है। नियुक्ति पत्र जारी हो चुका है, लेकिन विधायक दीपावली के बाद विधानसभा स्थित कार्यालय में पहुंचकर कार्यभार ग्रहण करेंगे। इसके बाद ही उन्हें अर्दली और सरकारी सुविधाएं मिलेंगी।
यह समिति कुल 14 सदस्यीय है, जिसमें 13 विधायक सदस्य के रूप में शामिल किए गए हैं। इनमें बस्ती जिले के अजय सिंह, फिरोजाबाद के प्रेमपाल सिंह धनगर, अमरोहा के महेंद्र सिंह और संतकबीरनगर के गणेश चंद्र जैसे विधायक शामिल हैं। इस नियुक्ति की खबर सार्वजनिक होते ही विधायक राजीव कुमार सिंह के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई है। उनके समर्थक स्वागत की तैयारियों में जुट गए हैं।


