बदायूॅं जनमत। छह साल की बच्ची ने स्कूल में खेल-खेल में ब्रेसलेट का मोती निगल लिया। जिसके बाद उसकी तड़प-तड़प कर उसकी मौत हो गई। मोती उसकी सांस की नली में अटक गया था। वह दोनों हाथों से गला पकड़कर तड़पने लगी थी। जिसके बाद टीचर और स्कूल स्टॉफ उसे लेकर वॉशरूम ले गया। वहां उसे कुल्ला कराया। उल्टा लटका कर उसकी पीठ ठोंकी। सूचना पर परिजन भी स्कूल पहुंचे। जब हालत और बिगड़ गई, तो प्रिंसिपल अपनी गाड़ी से उसे नजदीक के डॉक्टर के पास भी ले गए। वहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा। परिजनों ने स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया।
मामला अलापुर थाना क्षेत्र के ककराला का है। ककराला स्थित न्यू हॉप्स पब्लिक स्कूल में उघैनी गांव निवासी टेकचंद्र की बेटी तापसी (6 साल) पढ़ती थी। सोमवार सुबह 8 बजे वह स्कूल गई थी। 11 बजे अचानक उसकी हालत बिगड़ने लगी। उसकी सांस अटकने लगी। वह दोनों हाथ से अपना गला पकड़ने लगी। क्लास में मौजूद टीचर ने यह देखा तो उसे गोद में उठाकर रिसेप्शन पर लाए, उसका गला सहलाया। बच्ची को उल्टा कर उसकी पीठ थपथपाई। आराम न मिलने पर वॉशरूम में ले जाकर कुल्ला करवाया, लेकिन बच्ची बदहवास होती चली गई।
प्रिंसिपल भूराज सिंह कार से पहले बच्ची को ककराला के नाक, कान और गला रोग विशेषज्ञ के पास लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टर ने यह कहकर जिला अस्पताल भेज दिया कि मोती सर्जरी से ही निकलेगा। इसके बाद बच्ची को जिला अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता टेकचंद्र ने बताया कि सुबह बच्ची को स्कूल की गाड़ी तक छोड़ने गया था। वह घर से नाश्ता करके निकली थी और लंच साथ ले गई थी। उसकी तबीयत बिल्कुल ठीक थी। स्कूल में कुछ ऐसा हुआ, जिससे बच्ची की मौत हुई है। जो भी हुआ हो, लेकिन इसमें लापरवाही स्कूल प्रबंधन की है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट होगी मौत की स्पष्ट वजह…
जिला अस्पताल के ईएमओ डॉ. जीके गुप्ता ने बताया कि बच्ची इमरजेंसी में मृत अवस्था में आई थी। मौत कैसे हुई, यह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में ही पता लगेगा। उधर, एसएचओ अलापुर अजय विष्ट ने बताया कि मामले की जानकारी पर स्कूल गए थे। वहां पता लगा कि बच्ची ब्रेसलेट से खेल रही थी। उसका मोती उसने मुंह में रख लिया, जो सांस नली में फंस गया। इससे उसकी मौत हो गई। हालांकि असल वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सामने आएगी।

