बदायूं में दुष्कर्म के इरादे से इलेक्ट्रीशियन ने किया बच्ची का अपहरण, आरोपी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। एक शादी समारोह से छह साल की बच्ची के अपहरण के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, इलेक्ट्रीशियन ने बच्ची का अपहरण दुष्कर्म के इरादे से किया था, लेकिन परिजनों और पुलिस की सक्रियता से वह अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सका।
आरोपी की पहचान उझानी के कृष्णा कॉलोनी टावर के पास निवासी विजय पुत्र महीपाल के रूप में हुई है। विजय पेशे से इलेक्ट्रीशियन है और वह शादी समारोह में भी काम कर रहा था।
घटना 10 फरवरी की रात उझानी स्थित कामधेनु धर्मशाला में हुई थी। बच्ची के माता-पिता अपनी चचेरी बहन की शादी में शामिल होने गए थे। रात करीब एक बजे जयमाल के दौरान उन्होंने बच्ची को धर्मशाला के एक कमरे में सुलाया और खुद स्टेज पर फोटोग्राफी के लिए चले गए। कुछ देर बाद लौटने पर बच्ची बिस्तर पर नहीं मिली, जिसके बाद परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। आनन-फानन में वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। एक सीसीटीवी में एक व्यक्ति सोती हुई बच्ची को कंधे पर डालकर ले जाता हुआ भी दिखा।
यूपी 112 को सूचना दी गई और पीआरवी मौके पर पहुंची। पुलिस की तलाश के लगभग 40 मिनट बाद बच्ची उझानी के रामलीला मैदान के गेट पर रोती हुई मिली। पुलिस ने 13 फरवरी को इस घटनाक्रम को दर्ज किया था। आरोपी विजय ने बच्ची को सोते हुए देखकर अपहरण किया था, लेकिन परिजनों की तुरंत प्रतिक्रिया के कारण वह बच्ची को छोड़कर भाग गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *