बदायूॅं जनमत। ब्लूमिंगडेल स्कूल दातागंज में मंगलवार को विदाई समारोह का आयोजन बड़ी धूमधाम से संपन्न हुआ। जिसमे कक्षा-11 के छात्र-छात्राओं ने कक्षा-12 के छात्र-छात्राओं को बोझिल मन से विदाई के साथ शुभकामनाएं देकर एक दूसरे के साथ बिताये पलों को याद किया।
कार्यक्रम की शुरुआत हवन यज्ञ से हुई, जिसमें स्कूली अध्यापक अध्यापिकाओं के साथ स्कूल के छात्र-छात्राओं ने आहुतियां लगाई। विद्यालय की अध्यक्षा पम्मी मेहंदीरत्ता, निदेशक ज्योति मेहंदीरत्ता, मुख्य व्यवस्थापक ईशान मेहंदीरत्ता तथा श्वेता मेहंदीरत्ता ने मां सरस्वती की प्रतिमा के सम्मुख दीप जलाकर पुष्पार्चन किया। प्रधानाचार्य अनुपम प्रकाश वैश्य, विभाग प्रमुख कीर्ति शर्मा, मीनाक्षी यादव तथा रसायन विज्ञान प्रवक्ता दुर्गेश झा ने अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ देकर किया।
तत्पश्चात छात्र-छात्राओं ने विदाई समारोह पर आधारित शानदार नृत्य प्रस्तुत कर खूब वाहवाही लूटी नाटक के प्रदर्शन को भी सभी ने तहेदिल से प्रशंसा की। इसके अलावा टेलेन्ट शो एवं समूह नृत्य आकर्षण का केंद्र रहा। स्कूली प्रतियोगिता के दौरान कक्षा-12 के छात्र वैभव विक्रम सिंह को मिस्टर फेयरवेल तथा छात्रा सौन्दर्या ठाकुर को मिस फेयरवेल 2026 चुना गया। साथ ही सर्वोत्तम परिधान का खिताब प्रियांशु कुमार और बुशरा खान को दिया गया। विद्यालय परिवार की ओर से कक्षा-12 के छात्र/छात्राओं को उपहार वितरित कर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की गई।
इस मौके पर विद्यालय के अध्यक्षा पम्मी मेहंदीरत्ता ने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए कहा आज के ही बच्चे कल के उज्जवल भारत का भविष्य हैं। हमें विश्वास है कि ये विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करके देश को विकसित बनाने के परिकल्पना को साकार करेंगे।
अंत में प्रधानाचार्य अनुपम प्रकाश वैश्य ने सभी अथितियों का आभार व्यक्त किया। संचालन अध्यापिका ऋचा सिंह की देखरेख में कक्षा-11 के छात्र विमर्श श्रोत्रिय एवं छात्रा रिद्धिमा गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया। इस मौके पर सभी अध्यापक एवं अध्यापिकाएं मौजूद रही।

