बदायूं में हाईवे पर खड़ी कार में मिला व्यापारी का शव; जेब से मिली सल्फास की डिब्बी, हत्या का आरोप

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। बृहस्पतिवार की शाम के समय एक व्यापारी का शव उन्हीं की कार में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस के सहयोग से व्यापारी को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद भी परिवार के लोग उन्हें एक निजी अस्पताल में ले गए, वहां भी डॉक्टर ने मृत बताकर वापस कर दिया। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। व्यापारी की पैंट की जेब में सल्फास की गोलियां की डिब्बी व कार में एक नाइट्रोजन सिलेंडर भी मिला है। कार से काफी दुर्गंध भी आ रही थी।
अलापुर क्षेत्र के गांव कंचनपुर के पास मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर कार खड़ी देखी तो राहगीरों ने पास जाकर देखा। उसके अंदर युवक अचेत अवस्था में दिखाई दिया। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार के दरवाजे खोले तो दुर्गंध महसूस हुई। युवक की जेब से सल्फास की डिब्बी भी निकली। मृतक की पहचान सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला ब्रह्मपुरा के अमन (30 वर्ष) के रूप में हुई। अमन देशी घी का व्यापार करते थे। परिजनों ने बताया कि अमन बृहस्पतिवार को घी के कारोबार के लिए अलापुर थाना क्षेत्र के किसी गांव गया था। शाम को करीब 6.30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि हाईवे पर गांव कंचनपुर के पास एक कार खड़ी है, जिसमें युवक का शव दिख रहा है। सूचना मिलते इंस्पेक्टर माधोसिंह विष्ट पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर गहनता से जांच पड़ताल की।

पॉलिथीन से बंधा हुआ था मुंह…

परिजनों ने बताया कि अमन देशी घी का व्यापार करता था। उसकी हत्या की गई है। उसको सल्फास खिलाई गई है। उसका मुंह पॉलिथीन से बंधा हुआ था। कार में एक नाइट्रोजन सिलेंडर भी मिला है। यह हत्या है कि कुछ और इन बातों की जानकारी पुलिस की जांच के बाद ही पता लग सकेगी।
सीओ दातागंज केके तिवारी ने बताया कि कार में एक युवक का शव मिला है। अलापुर थाना क्षेत्र का यह मामला है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की है। जो भी तथ्य सामने आएंगे व परिवार के लोग जो तहरीर देंगे उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *