बरेली जनमत। तहसील आंवला में स्वास्थ्य विभाग की घोर लापरवाही का मामला सामने आया है। गोठा खंडुआ गांव की एक गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा होने पर बुधवार सुबह तीन घंटे तक एंबुलेंस नहीं मिली। मजबूरन परिजनों को महिला को टेंपो से रामनगर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) ले जाना पड़ा।
गुरुवार दोपहर वेद प्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि उनकी छोटे भाई की पत्नी को तेज प्रसव पीड़ा हुई थी। उन्होंने सरकारी एंबुलेंस के लिए लगातार तीन घंटे तक फोन किया, लेकिन एंबुलेंस नहीं पहुंची। इस दौरान प्रसूता की हालत बिगड़ती जा रही थी।एंबुलेंस न मिलने पर परिवार ने किराए के टेंपो से महिला को रामनगर पीएचसी पहुंचाया, जहां उसे भर्ती कराया गया। वेद प्रकाश ने आरोप लगाया कि एंबुलेंस विभाग सरकारी योजनाओं को विफल करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहा है।इस मामले पर रामनगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुनील कुमार ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि सभी एंबुलेंस को समय पर लाभार्थियों तक पहुंचने और उन्हें अस्पताल छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने एंबुलेंस विभाग के अधिकारियों और नोडल अधिकारी को इस मामले से अवगत करा दिया है और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

