जिला महिला अस्पताल के जनऔषधि केंद्र छापेमारी; ड्रग इंस्पेक्टर को केंद्र पर मिलीं बाजार की दवाएं

स्वास्थ्य

बदायूॅं जनमत‌। जिला महिला अस्पताल स्थित प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र पर बाजार में बिकने वाली दवाएं मिली हैं। जिला औषधि निरीक्षक ने शिकायत मिलने के बाद केंद्र पर छापेमारी की। फिलहाल दवाओं का मिलान किया जा रहा है और मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई तब हुई जब कुछ मरीजों के परिजनों ने जन औषधि केंद्र पर बाजार की दवाएं बेचे जाने की शिकायत की। शिकायतकर्ताओं और केंद्र के स्टाफ के बीच कहासुनी भी हुई, जिसके बाद भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर ड्रग इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। मरीजों को सस्ती जेनेरिक दवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला महिला अस्पताल के साथ-साथ जिला अस्पताल और राजकीय मेडिकल कॉलेज में भी प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र खोले गए हैं। इन केंद्रों पर केवल जेनेरिक दवाएं ही बेची जानी चाहिए। जांच के दौरान कुछ बाहरी दवाएं पाई गईं।
ड्रग इंस्पेक्टर ने भीड़ को शांत कराया और बताया कि जांच अभी जारी है। औषधि केंद्र के संचालक ने दावा किया है कि उनके पास कुछ बाहरी दवाएं बेचने के निर्देश हैं। इस पहलू की भी जांच की जा रही है। जिम्मेदारों का कहना है कि बाहरी दवाओं की पुष्टि होने के बाद अन्य दवाओं की भी गहनता से जांच की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *