ब्लूमिंगडेल स्कूल में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया, व्यायाम को जीवन का अंग बनाने को प्रेरित किया

स्वास्थ्य

बदायूॅं जनमत‌। ब्लूमिंगडेल स्कूल में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन अत्यंत उत्साह एवं हर्षाेल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वर्तमान व्यस्त जीवनशैली में बढ़ते तनाव, चिंता एवं स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता फैलाना तथा योग को स्वस्थ जीवन का आधार बनाना था। कार्यक्रम मिनिस्टरी ऑफ आयुष के सोनू पटेल के दिशा निर्देशन में आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को विभिन्न योगासनों, प्राणायाम तथा ध्यान का अभ्यास कराया गया तथा उनके शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी गई।
विद्यालय अध्यक्षा पम्मी मेहंदीरत्ता ने अपने संबोधन में योग एवं व्यायाम की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए सभी को इसे अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास न केवल अनेक बीमारियों से बचाव करता है, बल्कि मानसिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा एवं बेहतर जीवनशैली प्रदान करता है। विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव सिंह राठौर ने भी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को संबोधित करते हुए स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के लिए योग की आवश्यकता पर बल दिया तथा सभी से नियमित योग करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विद्यालय निदेशक ज्योति मेहंदीरत्ता, मैनेजिंग हेड ईशान मेहंदीरत्ता, श्वेता मेंहदीरत्ता, उप प्रधानाचार्य परशुराम मिश्रा, कोऑर्डिनेटर सबा, अंजला सोनी, मृणाल सक्सेना, रश्मि रावत एवं सुषमा वर्मा सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में एनसीसी लेफ्टिनेंट अर्पणा यादव एवं एनसीसी कैडेट्स की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *